हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में खेलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है। आज भारतीय खिलाड़ी विश्व मंच पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और देश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का परचम लहराया है। वहीं युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने विश्व शतरंज मंच पर इतिहास रचकर भारत की प्रतिभा का लोहा मनवाया है। एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने अपना दबदबा कायम रखा, जबकि पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने एक बार फिर अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़कर देश को गौरवान्वित किया है।
गौरव गौतम ने कहा कि यह केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि नए भारत के आत्मविश्वास, संकल्प और सामर्थ्य की जीत है। केंद्र और राज्य सरकार की खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली विभिन्न योजनाओं का ही परिणाम है कि भारतीय खिलाड़ी आज हर खेल में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चुनौती दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेलों के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा, उत्कृष्ट प्रशिक्षण सुविधाएं और खिलाड़ियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आने वाले वर्षों में भारत खेल महाशक्ति के रूप में उभरेगा। वही खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया उनके प्रथम दृष्टिकोण से ग्रामीण अंचल में पल रहे होनहार खेल जगत से जुड़े हुए युवाओं के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध कराना है
गांव-गांव से निकलेगी खेल प्रतिभा
खेल नर्सरियों के माध्यम से हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। चयनित खिलाडिय़ों को आधुनिक सुविधाओं, पेशेवर प्रशिक्षण, बेहतर डाइट और आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे अपने कौशल को निखारकर बड़े मंच तक पहुंच सकें।
खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
हर जिले में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा। आने वाले समय में हरियाणा जिले के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम होंगे।
हरियाणा : खिलाडिय़ों को सम्मान और प्रोत्साहन में अग्रणी
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के मामले में देश में अग्रणी है। राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को आकर्षक नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरियां और अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को हरियाणा में अन्य राज्यों की तुलना में अधिक सम्मान और इनाम मिलता है। यही कारण है कि छोटे-छोटे गांवों से निकलकर खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
बेहतर बुनियादी ढांचा और प्रशिक्षण सुविधाएं
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेल नर्सरियों, आधुनिक स्टेडियमों और प्रोफेशनल कोचिंग सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खिलाडिय़ों के लिए डाइट, प्रशिक्षण और खेल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उनकी तैयारी में कोई कमी न रहे।
हरियाणा बनेगा उभरता खेल केंद्र
श्री गौतम ने कहा कि यह पहल हरियाणा को खेल मानचित्र पर एक मजबूत और उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। युवाओं को सही दिशा, संसाधन और अवसर मिलने से हर जिले का भविष्य उज्जवल होगा और हरियाणा की ‘स्पोट्र्स पावरहाउस’ की पहचान और मजबूत होगी।
Leave a Reply