janhvi peddi event

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में विजयवाड़ा में आयोजित फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में जान्हवी ने तेलुगु भाषा में भाषण देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में फिल्म के मुख्य अभिनेता राम चरण समेत पूरी स्टारकास्ट और क्रू मौजूद रही।

जान्हवी के तेलुगु में दिए गए संबोधन को दर्शकों ने खूब सराहा और सोशल मीडिया पर भी उनके इस प्रयास की जमकर तारीफ हो रही है।

दर्शकों के प्यार के लिए जताया आभार

फिल्म में अचियम्मा का किरदार निभा रहीं जान्हवी कपूर ने मंच से दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें मिलने वाला प्यार और समर्थन उनकी पूरी टीम के लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि कलाकारों की मेहनत तभी सफल होती है जब दर्शक उन्हें अपना स्नेह और समर्थन देते हैं।

जान्हवी ने कहा कि दर्शकों का प्यार ही उन्हें हर दिन बेहतर काम करने और नई कहानियां बड़े पर्दे पर लाने की प्रेरणा देता है।

‘पेद्दी’ का क्या है संदेश?

अपने भाषण में अभिनेत्री ने बताया कि ‘पेद्दी’ केवल एक मनोरंजक फिल्म नहीं है, बल्कि यह जीवन में अपने उद्देश्य को पहचानने और अपनी पहचान के प्रति सच्चे रहने का संदेश भी देती है।

उन्होंने कहा कि फिल्म की पूरी टीम के लिए यह एक बेहद खास प्रोजेक्ट है और सभी ने इसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बनाया है।

अभिनय ही मेरा उद्देश्य

जान्हवी कपूर ने आगे कहा कि उनके लिए अभिनय करना, दर्शकों का मनोरंजन करना और अच्छी फिल्में बनाना ही जीवन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि उनका कलाकार के रूप में अस्तित्व दर्शकों के प्यार और विश्वास से जुड़ा हुआ है।

अभिनेत्री ने वर्षों से मिले समर्थन के लिए प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी अपने काम से लोगों को गर्व महसूस कराती रहेंगी।

4 जून को रिलीज होगी फिल्म

निर्देशक बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी ‘पेद्दी’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है। फिल्म में राम चरण और जान्हवी कपूर के अलावा जगपति बाबू, शिवराजकुमार और दिव्येंदु भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

यह फिल्म 4 जून को देशभर में कई भाषाओं में रिलीज होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.