नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को सुबह करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल से एक महिला को जान बचाने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगाते हुए भी देखा गया।
दमकल विभाग के मुताबिक आग मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 10 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग पर काबू पाने के लिए दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउज़र, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) समेत कई फायर फाइटिंग यूनिट्स को तैनात किया गया।
राहत अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने बेसमेंट में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
इस दुखद हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन और बचाव एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Leave a Reply