amritsir police

अमृतसर। अमृतसर देहाती पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए सीमा पार से संचालित नशा एवं हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष ऑपरेशन में 1 किलो 128 ग्राम हेरोइन तथा पाकिस्तान निर्मित .30 बोर के तीन पिस्तौल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह मामला सीमा पार से संचालित तस्करी मॉड्यूल से जुड़ा पाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी के बाद मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और उनके संपर्कों की पहचान करने में जुटी हुई है। इसके साथ ही पूरे नेटवर्क की गतिविधियों और सप्लाई चैन की भी पड़ताल की जा रही है।

पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि राज्य में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे नेटवर्कों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विशेष निगरानी भी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.