punjab crime news

मोहाली। फेज-11 स्थित एक निजी कंपनी के कार्यालय में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी महिला सहकर्मी और पूर्व प्रेमिका पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

मृतका की पहचान 29 वर्षीय डिंपल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान 34 वर्षीय हरजिंदर मान के तौर पर हुई है। दोनों मूल रूप से पटियाला के निवासी बताए जा रहे हैं और मोहाली की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ समय से रिश्तों में तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने युवती से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन उसके इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान युवक ने कार्यालय परिसर में चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार हमले में युवती को कई गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर स्वयं पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हरजिंदर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना फेज-11 के प्रभारी अमन बैदवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका और आरोपी के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.