कुरुक्षेत्र। भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) के विरोध में किसानों ने गुरुवार को कुरुक्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के नेतृत्व में किसानों ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के खिलाफ विरोध मार्च निकाला और जिला सचिवालय के बाहर पुतला दहन कर अपना रोष व्यक्त किया।
अर्थी बनाकर निकाला विरोध मार्च
प्रदर्शन की अगुवाई किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने की। किसान पंचायत भवन के सामने एकत्र हुए और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के प्रतीकात्मक पुतले को अर्थी के रूप में सजाकर पैदल मार्च निकाला। इसके बाद किसान जिला सचिवालय परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए पुतले को आग के हवाले कर दिया।
“डील लागू हुई तो किसानों का होगा नुकसान”
प्रदर्शन के दौरान किसानों को संबोधित करते हुए गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि यदि यह व्यापार समझौता लागू होता है तो इसका सबसे अधिक नुकसान देश के किसानों को होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की डील से भारतीय कृषि और किसान दोनों प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि किसान संगठन इस मुद्दे पर पीछे हटने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
देशभर में विरोध की तैयारी
किसान नेताओं ने दावा किया कि केवल कुरुक्षेत्र ही नहीं, बल्कि देश के कई हिस्सों में भी इस प्रस्तावित ट्रेड डील के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। संगठन भविष्य की रणनीति पर विचार कर रहा है और आंदोलन को और मजबूत करने की तैयारी में जुटा है।
कई किसान नेताओं ने किया संबोधित
प्रदर्शन में प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह मथाना, जिलाध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा, राकेश बैंस, जसबीर सिंह मामू माजरा सहित कई किसान नेताओं ने भाग लिया और किसानों से एकजुट रहने का आह्वान किया।
किसान संगठनों का कहना है कि वे कृषि और किसानों के हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर सरकार के सामने अपनी आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे।
Leave a Reply