victory celebration formal setting

मोहाली, 9 जून। मोहाली नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक कुलवंत सिंह के पुत्र और तीन बार के पार्षद सरबजीत सिंह समाना को नगर निगम का नया मेयर चुना गया है। वहीं आरपी शर्मा को सीनियर डिप्टी मेयर और हरपाल चन्ना को डिप्टी मेयर चुना गया।

मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव को लेकर निगम परिसर में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे।

चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के सभी पार्षद निगम कार्यालय में मौजूद रहे। इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह भी निगम कार्यालय पहुंचे। उनके साथ भाजपा और कांग्रेस के एक-एक पार्षद भी नजर आए, जिससे चुनावी माहौल को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

नगर निगम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे चुनावी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी ताकि मतदान और परिणाम घोषणा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

सरबजीत सिंह समाना की जीत को आम आदमी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। समाना इससे पहले लगातार तीन बार पार्षद चुने जा चुके हैं और स्थानीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनकी जीत पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।

नए मेयर के रूप में सरबजीत समाना के सामने शहर के विकास कार्यों को गति देने, सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने जैसी कई अहम चुनौतियां होंगी। चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों ने खुशी जाहिर की और नगर निगम परिसर के बाहर जश्न का माहौल देखने को मिला।

नवनिर्वाचित मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर ने शहर के विकास को प्राथमिकता देने तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का भरोसा जताया है।

मोहाली नगर निगम के नए नेतृत्व से शहरवासियों को विकास परियोजनाओं में तेजी और जनसुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.