Aarti Singh Rao

स्वास्थ्य संस्थानों के मरम्मत एवं नवीकरण कार्य जल्द पूरे किए जाएं: आरती सिंह राव

चंडीगढ़, 10 जून। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में स्वास्थ्य संस्थानों से संबंधित सभी मरम्मत और नवीकरण कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नए प्रोजेक्ट भी निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह निर्देश चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ अनिल दहिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आरती सिंह राव ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की और उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएचसी, सीएचसी, सब-हेल्थ सेंटर और सिविल अस्पतालों के भवनों से संबंधित सभी कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में घटिया गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऑपरेशन थिएटर, लैब और अन्य आवश्यक कक्ष चिकित्सा मानकों के अनुरूप बनाए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों के भवन तैयार हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य विभाग को सौंपा जाए ताकि वहां ओपीडी और अन्य चिकित्सा सेवाएं शुरू की जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.