चण्डीगढ : हरियाणा में 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की यादों को जीवंत करने के लिए बनाए गए “आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक” में जल्द ही अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो शुरू होने जा रहा है। इस परियोजना की तैयारियों का निरीक्षण हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने किया। उन्होंने स्मारक के ओपन एयर थिएटर में प्रदर्शित किए जाने वाले शो का अवलोकन करते हुए इसकी भव्यता और तकनीकी प्रस्तुति की सराहना की।
मुंबई की विशेषज्ञ टीम द्वारा तैयार किए जा रहे इस शो में आधुनिक डिजिटल तकनीक, प्रोजेक्शन मैपिंग, प्रकाश और ध्वनि प्रभावों का उपयोग किया गया है। स्मारक के मेमोरियल टॉवर सहित पांच अलग-अलग स्क्रीन पर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक घटनाओं, वीर सैनिकों के संघर्ष और बलिदान की गाथाओं को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान लेखक एवं कलाकार अतुल तिवारी भी मौजूद रहे। अनिल विज ने शो को और प्रभावशाली बनाने के लिए टीम को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मंत्री ने बताया कि लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह शहीद स्मारक 22 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। स्मारक में 22 विशेष गैलरियां बनाई गई हैं, जिनमें 1857 की क्रांति से जुड़े इतिहास को आधुनिक तकनीकों और विभिन्न प्रदर्शन माध्यमों के जरिए दर्शाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्मारक देशभक्ति, शौर्य और बलिदान की प्रेरणा देने वाला एक महत्वपूर्ण पर्यटन एवं ऐतिहासिक केंद्र बनेगा।
राज्य सरकार का मानना है कि इस लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में मदद मिलेगी। स्मारक का उद्घाटन जल्द होने की संभावना है और इसके बाद यह आम जनता के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन जाएगा।


Leave a Reply