Home » देश के लिए शहीद होना सबसे बड़ा गौरव : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

देश के लिए शहीद होना सबसे बड़ा गौरव : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने दी दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि, परिवार को बंधाया ढांढस |

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर देना सबसे बड़ा बलिदान है। देश के लिए शहीद होना मनुष्य जीवन का सर्वोच्च गौरव है। शहीदों के परिवार की हर संभव मदद हरियाणा सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज जिला पलवल के गांव बहीन में ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में वीरगति को प्राप्त हुए जवान मनमोहन सिंह के घर पहुँचे और परिजनों का ढांढस बंधाया। उनके साथ केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर तथा विधायक श्री दीपक मंगला, श्री जगदीश नायर, श्री प्रवीण डागर भी मौजूद रहे।

 

उल्लेखनीय है कि लेह लद्दाख में सेना का एक ट्रक खाई में गिर जाने के कारण आर्टलरी विंग का गनर मनमोहन सिंह वीरगति को प्राप्त हुए थे। मनमोहन सिंह वर्ष 2016 सितंबर माह में देशभक्ति की भावना को लेकर फौज में भर्ती हुए थे और पिछले 5 महीनों से उनकी तैनाती लेह लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में थी।

इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल पिछले महीने शहीद हुए वीर युधिष्ठिर के परिवार को ढांढस बंधाने के लिए गावं खाम्बी पहुंचे। उन्होंने शहीद युधिष्ठिर को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार दिवंगत जवान के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। गांव खाम्बी निवासी युधिष्ठिर का गत माह सिक्किम की तीस्ता नदी में बाढ़ आने से निधन हो गया था। युधिष्ठिर सहित सेना के 23 जवान इस बाढ़ में बह गए थे।

तदोपरांत मुख्यमंत्री गांव गढीपट्टी में शहीद महेंद्र सिंह के निवास स्थान पर गए और शहीद महेंद्र सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत जवान के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें सांत्वना दी। गांव गढीपट्टी निवासी महेंद्र सिंह का राजस्थान के अलवर में ड्यूटी के दौरान अचानक ह्दय गति रूकने से निधन हो गया था।

For More Information Stay Updated With : newsonline.media

Leave a Reply

Your email address will not be published.