Home » कांगो गणराज्य के प्रतिनिधिमंडल ने किया हकृवि का दौरा |

कांगो गणराज्य के प्रतिनिधिमंडल ने किया हकृवि का दौरा |

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार की उन्नत कृषि तकनीकों, शोध कार्यों व नवाचारों का कांगो गणराज्य के किसानों को भी लाभ मिलेगा। इसी कड़ी में कांगो गणराज्य के राजदूत वाबेंगा कालेबो थियो के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज से मुलाकात की। इस बैठक में हकृवि के अधिकारियों सहित हरियाणा के प्रगतिशील किसान भी उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को विश्वविद्यालय द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे शोध कार्यों एवं उन्नत किस्म के बीजों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल को बासमती चावल एवं मक्का की खेती में खासतौर पर सहयोग देने पर चर्चा हुई। बैठक में सदस्यों ने कृषि क्षेत्र में निवेश करने के लिए विशेष रूप से केन्द्रीय कृषि अनुसंधान और कृषि व्यवसाय से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों को स्थापित करने में रूचि दिखाई। उन्होंने कहा कि चावल उत्पादन के लिए संसाधनों का पता लगाने और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की सुविधा के लिए हरियाणा के प्रगतिशील किसानों एवं कांगो के बीच सहयोग बढ़ाने हेतु विस्तार से बातचीत की गई।

कांगो गणराज्य के राजदूत वाबेंगा कालेबो थियो ने बताया कि प्रतिनिधि मंडलों के मध्य हुई बैठक से अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने, वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों एवं किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वाकांक्षी कार्यों को गति मिलेगी। विश्वविद्यालय की उन्नत तकनीकों व नवाचारों से कांगो गणराज्य की कृषि संबंधित तकनीकों व उपकरणों में काफी सुधार आएगा इस अवसर पर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर शिक्षा अधिष्ठाता डॉ. केडी शर्मा ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों बारे विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.