जिला प्रशिक्षण वर्ग में मंत्री गौरव गौतम ने गिनाईं जनकल्याणकारी योजनाएं**कार्यकर्ताओं से बोले गौरव गौतम - सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं

जिला प्रशिक्षण वर्ग में हरियाणा सरकार के मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आज गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज की चिंता नहीं करनी पड़ती। आयुष्मान भारत और चिरायु हरियाणा योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की हर घर नल से जल योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों को मात्र 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है, जिससे घरेलू बजट पर पड़ने वाला बोझ कम हुआ है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही लाडो लक्ष्मी योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को हर माह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई।
प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश आईटी इंचार्ज आदित्य चावला ने आईटी, मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों के जरिए संगठन और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।
वहीं मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने व्यावहारिक सत्र के दौरान मीडिया प्रबंधन, संवाद कौशल और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने सकारात्मक और तथ्यात्मक संवाद के महत्व पर जोर देते हुए संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के सुझाव दिए।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सतीश फागना, जिला प्रभारी कमल यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, चेयरमैन हुकमसिंह भाटी, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग, कवीन्द्र चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी राजेश कौशिक सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.