हिसार। हांसी के गांव सोरखी में एक युवक को चोरी के शक में कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का शिकार बनाए जाने का मामला सामने आया है। युवक को ट्यूबवेल के कुएं में उल्टा लटकाने और डंडों से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। घायल युवक फिलहाल हांसी के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है।
ग्रामीणों का दावा- मोटर चोरी करते पकड़ा गया था युवक
ग्रामीणों के अनुसार, युवक को खेत में सोलर पैनल से जुड़ी मोटर चोरी करने के दौरान पकड़ा गया था। बताया जा रहा है कि उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जो मौके से फरार हो गया। गांव के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में मोटर चोरी की घटनाएं बढ़ी हुई थीं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी थी।
आरोप है कि युवक को पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने उसके पैर रस्सी से बांधकर उसे ट्यूबवेल के कुएं में उल्टा लटका दिया और पूछताछ की। वायरल वीडियो में युवक कथित रूप से चोरी की बात स्वीकार करता दिखाई दे रहा है। बाद में डायल-112 को सूचना देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पीड़ित ने आरोपों को बताया झूठा
अस्पताल में भर्ती युवक बारू ने चोरी के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि वह खेतों की ओर गया था, तभी कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और चोरी का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी।
बारू के अनुसार, उसके पास किसी प्रकार का औजार नहीं था, फिर भी उसे जबरन आरोपी बताया गया। उसने आरोप लगाया कि पहले उसे कुएं में उल्टा लटकाया गया और बाद में डंडों से पीटा गया। युवक का दावा है कि दबाव और मारपीट के कारण उससे जबरन कुछ बातें बुलवाई गईं। उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गांव में लगातार हो रही चोरियों के संबंध में सरपंच प्रतिनिधि रामचंद्र ने बताया कि क्षेत्र में मोटर चोरी की घटनाओं की शिकायतें पहले भी सामने आई थीं। हालांकि उन्होंने इस मामले में विस्तृत जानकारी होने से इनकार किया।
वहीं, बास थाना के एसएचओ पवितर सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। बावजूद इसके पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच अपने स्तर पर कर रही है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो बना चर्चा का विषय
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक ओर ग्रामीण चोरी की घटनाओं से नाराजगी जता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कानून हाथ में लेने और कथित तौर पर युवक के साथ किए गए व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





Leave a Reply