चंडीगढ़, 9 जून। हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में जल्द ही लगभग 13,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अलावा आने वाले समय में हजारों अन्य पदों के लिए भी विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
सोमवार को अध्यक्ष पद पर अपने दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों के दौरान आयोग ने पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 46,951 अभ्यर्थियों को रोजगार प्रदान किया है, जिससे उम्मीदवारों और उनके परिवारों का विश्वास मजबूत हुआ है।
हिम्मत सिंह ने बताया कि उनके कार्यकाल में आयोग ने 25,000 अभ्यर्थियों का परिणाम एक साथ जारी किया, जो आयोग के इतिहास में सबसे बड़ा परिणाम माना गया। उन्होंने इसे भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 13.5 लाख अभ्यर्थियों वाली इस परीक्षा का सफल आयोजन अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी। बावजूद इसके आयोग ने परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराया और अभ्यर्थियों का भरपूर सहयोग मिला।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा और भविष्य में भी युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए आयोग लगातार कार्य करता रहेगा।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह घोषणा राहतभरी मानी जा रही है, क्योंकि आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में नई भर्तियों के विज्ञापन जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
Leave a Reply