मुंबई। महाराष्ट्र से मंगलवार को दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक ओर पुणे की छात्रा आरोही देशपांडे ने जेईई एडवांस्ड 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्राओं में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है, वहीं दूसरी ओर पालघर जिले की एक खाड़ी में हजारों मछलियों के मृत मिलने से पर्यावरणीय चिंता बढ़ गई है।
जेईई एडवांस्ड में छात्राओं की टॉपर बनीं आरोही देशपांडे
पुणे की रहने वाली आरोही देशपांडे ने जेईई एडवांस्ड 2026 में छात्राओं की श्रेणी में देशभर में शीर्ष स्थान हासिल कर महाराष्ट्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें बधाई देते हुए राज्य का गौरव बताया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि आरोही की मेहनत, लगन और प्रतिभा युवाओं के लिए प्रेरणा है। इस वर्ष परीक्षा में दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया टॉप किया, जबकि आरोही ने 280 अंक हासिल कर छात्राओं में पहला स्थान और ऑल इंडिया रैंक 77 प्राप्त की।
पालघर की खाड़ी में हजारों मछलियों की मौत, जांच शुरू
महाराष्ट्र के पालघर जिले की सतपाटी-मुरबे खाड़ी में सोमवार को हजारों मृत मछलियां मिलने से स्थानीय प्रशासन और पर्यावरण विभाग सतर्क हो गया है। खाड़ी के किनारे बड़ी संख्या में विभिन्न प्रजातियों की मछलियां मृत अवस्था में पाई गईं, जिसके बाद स्थानीय मछुआरों ने अधिकारियों को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में अधिकारियों ने भीषण गर्मी और संभावित रासायनिक प्रदूषण को इस घटना की संभावित वजह बताया है। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) ने पानी और मछलियों के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मछलियों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बीड में युवक का शव मिलने से सनसनी
बीड जिले में एक 30 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, नेकनूर थाना क्षेत्र में लिम्बागणेश-अंजनवटी मार्ग के पास एक मोटरसाइकिल सड़क से नीचे गिरी हुई मिली थी।
शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान मृतक के गले पर संदिग्ध निशान पाए गए। मृतक की पहचान अंजनवटी गांव निवासी किरण बंडू सोनावणे (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
Leave a Reply