नूंह, 9 जून। हरियाणा के नूंह जिले में देर रात पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार होने लगा।
सूचना मिलने पर पुन्हाना सीआईए टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस का दावा है कि पीछा किए जाने के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल आरोपी की पहचान असलम पुत्र इब्राहिम निवासी मंदसौर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए शाहिद हसन खां मेडिकल कॉलेज, नल्लहड़ (नूंह) में भर्ती कराया, जहां सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने वाहन से गोवंश को बरामद करने का दावा किया है। बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की जांच जारी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Leave a Reply