vote news

चंडीगढ़: पंजाब के आठ नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के लिए हुए निकाय चुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हो गई। शुरुआती रुझानों और घोषित नतीजों में आम आदमी पार्टी (AAP) कई क्षेत्रों में बढ़त बनाती नजर आ रही है, जबकि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल भी कई वार्डों में जीत दर्ज कर रहे हैं।

26 मई को हुए मतदान के बाद आज सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। विभिन्न नगर निकायों से लगातार परिणाम सामने आ रहे हैं और राजनीतिक दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

करतारपुर नगर काउंसिल में AAP का दबदबा

करतारपुर नगर काउंसिल चुनाव के घोषित परिणामों में आम आदमी पार्टी ने नौ वार्डों में जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस को तीन वार्डों में सफलता मिली है। कुछ वार्डों में निर्दलीय और भाजपा समर्थित उम्मीदवार भी विजयी रहे हैं।

बरनाला नगर निगम में AAP की शानदार शुरुआत

बरनाला नगर निगम के शुरुआती आठ वार्डों के परिणामों में आम आदमी पार्टी ने सभी सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत स्थिति का संकेत दिया है।

रायकोट में कांग्रेस को बढ़त

रायकोट नगर काउंसिल के वार्ड नंबर चार से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा विजयी घोषित हुए हैं। उल्लेखनीय है कि मतदान के दिन उन पर जानलेवा हमला हुआ था। अब तक घोषित परिणामों में रायकोट के 15 वार्डों में से कांग्रेस चार और AAP एक सीट जीत चुकी है।

फिरोजपुर में भाजपा और AAP के बीच मुकाबला

फिरोजपुर नगर काउंसिल के शुरुआती परिणामों में भाजपा ने तीन वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि एक वार्ड में AAP उम्मीदवार विजयी रहे हैं। मतगणना अभी जारी है और कई सीटों के परिणाम आने बाकी हैं।

बठिंडा में भाजपा का खाता खुला

बठिंडा के वार्ड नंबर 42 से भाजपा उम्मीदवार रितु ने जीत दर्ज कर पार्टी का खाता खोला। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

मोगा की कोट ईसे खां नगर पंचायत में कड़ा मुकाबला

कोट ईसे खां नगर पंचायत में अब तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार AAP और कांग्रेस दोनों को 13-13 सीटें मिली हैं। अकाली दल और भाजपा ने 11-11 वार्डों में जीत हासिल की है, जबकि पांच सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गई हैं।

सुनाम और लोंगोवाल में भी AAP का प्रदर्शन मजबूत

सुनाम के कुछ वार्डों में AAP उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, जबकि कुछ सीटों पर निर्दलीय और परमिंदर ढींडसा समर्थित प्रत्याशियों को सफलता मिली है। लोंगोवाल में भी AAP कई वार्डों में बढ़त बनाए हुए है।

नतीजों पर पूरे पंजाब की नजर

नगर निकाय चुनावों के ये परिणाम आगामी विधानसभा राजनीति की दिशा तय करने वाले संकेत माने जा रहे हैं। मतगणना जारी है और दिनभर कई अहम नगर निगमों व परिषदों के अंतिम नतीजे सामने आने की उम्मीद है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की निगाहें इन चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.