राष्ट्र निर्माण में विधानमंडलों की भूमिका पर मंथन करेगा सीपीए का नॉर्थ जोन सम्मेलन

8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित होगा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन जोन-2 का सम्मेलन

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे उद्घाटन, विकसित भारत-2047 और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा

हरियाणा विधानसभा के तत्वावधान में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) इंडिया रीजन के जोन-2 का सम्मेलन 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्घाटन सोमवार को लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण तथा देश के 15 विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, उप-पीठासीन अधिकारी और विधायक भाग लेंगे।

इस दौरान राष्ट्र निर्माण में विधानमंडलों की भूमिका, विकसित भारत-2047 तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा लोकतांत्रिक संस्थाओं को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा होगी।

उद्घाटन सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम

उद्घाटन सत्र में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण स्वागत संबोधन देंगे। साथ ही हरियाणा के इतिहास पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी।

इसके बाद लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। वहीं, शाम को टैगोर थिएटर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में संविधान और भारत की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी।

हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

विकसित भारत-2047 पर विशेष चर्चा

सम्मेलन के दूसरे दिन 9 जून को तीन प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों का मुख्य विषय ‘विकसित भारत-2047 के लक्ष्य एवं भविष्य की चुनौतियों को साकार करने में जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की भूमिका’ रहेगा।

इस विषय पर विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधि, संसदीय विशेषज्ञ और नीति निर्माता अपने विचार साझा करेंगे। इसके माध्यम से देश के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर व्यापक चर्चा होगी।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मानवाधिकार पर मंथन

कार्यक्रम के दौरान ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मानवाधिकार : विधायी निकायों के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (हिपा) के महानिदेशक मनोज यादव इस विषय पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।

यह सत्र तकनीकी प्रगति के साथ उभर रही चुनौतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर उसके प्रभाव को समझने का अवसर प्रदान करेगा।

समापन सत्र में शामिल होंगे प्रमुख नेता

सम्मेलन के समापन सत्र में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण तथा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा सहित कई गणमान्य व्यक्ति प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

इसके अतिरिक्त, सम्मेलन में विधायी प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में विधानमंडलों की भूमिका पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श होगा। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों के सम्मान में कई औपचारिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.