Home » भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का लें संकल्प : कृष्णपाल गुर्जर

भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का लें संकल्प : कृष्णपाल गुर्जर

बड़ी स्क्रीन में रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा देख लोगों ने लगाए जय श्रीराम के जयकारे |

 

अयोध्या में श्री रामलला की मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित परेड ग्राउंड में भव्य श्री सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने शामिल होकर इस धार्मिक अनुष्ठान में आहुति डाली। सुबह साढ़े नौ बजे से सुंदरकांड पाठ आरम्भ हुआ, जिसमें रसराज जी महाराज ने प्रवक्ता के रूप में सुंदर पाठ का वर्णन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर ने शिरकत की। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने राम भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि 500 सालों का इंतजार आज खत्म हो गया और अयोध्या में रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा पूरी हो गई।

आज का दिन हर सनातनी के लिए खास है क्योंकि इस पल का वर्षों से इंतजार किया जा रहा था और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों का संकल्प पूर्ण किया है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश घर-घर दीप जलाकर दीपावली पर्व मनाएगा और श्री रामलला का अभिनंदन करेगा। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम हमारे आदर्श हैं। हमें अपने जीवन में उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज व देशहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में अयोध्या से श्री रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का बड़ी स्क्रीन पर लाइव दिखाया गया और जैसे ही श्री राम लला मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई, पूरा पंडाल जय श्री राम के उद्घोषों से गूंज उठा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही पूरा देश राममय हो गया है, आज देश के लोग उत्सव मनाने में लगे है, जगह-जगह शोभायात्राएं निकाली जा रही है, भंडारे किए जा रहे है और पूरी नगरी राममय हो गई है। उन्होंने कहा कि लोगों ने जो सपना देखा था, आज वह साकार हुआ है और अब अयोध्या में हर भारतवासी रामलला के दर्शन कर सकेगा।

 

For More Information, Stay Updated With – Newsonline.media

Leave a Reply

Your email address will not be published.