हरियाणा सरकार ने 3 नई परियोजनाएं लागू करने का निर्णय लिया है। इन परियोजनाओं पर 44 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च होगी। चरखी दादरी और भिवानी में ग्रामीण संवर्धन और महाग्राम योजना पर काम होगा।
मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आज यहां जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा क्रियान्वित की जाने वाली इन परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि महाग्राम योजना के तहत नई परियोजनाओं में गांव धनाना, बवानी खेड़ा, जिला भिवानी में जल आपूर्ति योजना का विस्तार किया जाएगा। इस योजना पर 34.01 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इसी तरह से ग्रामीण संवर्धन कार्यक्रम के तहत गांव मढ़ मढ़वी, जिला भिवानी में स्वतंत्र जल कार्य योजना पर 3.79 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
ग्रामीण संवर्धन कार्यक्रम के तहत ग्राम उन्न, जिला चरखी दादरी में आरसीसी एस एंड एस टैंक, अन्य संरचनाओं का निर्माण और डीआई पाइप लाइनें बिछाकर जल आपूर्ति योजना का विस्तार किया जाएगा। इस योजना पर 6.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
For More Information, Stay Updated With – Newsonline.media




Leave a Reply