राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला की नई पहल चर्चा में
एनआईए में विद्यार्थियों ने तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों को पोस्टरों पर उकेरा

एनआईए में विद्यार्थियों ने तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों को पोस्टरों पर उकेरा
युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए समाज में जागरूकता जरूरी : प्रह्लाद रघु

पोस्टर मेकिंग में बीएएमएस बैच 2025-26 की छात्रा अंजलि ने हासिल किया पहला स्थान
पंचकूला, 29 मई। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला में विश्व तंबाकू दिवस पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने बारे पोस्टर मेकिंग के जरिये संदेश दिया।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा, डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी और डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व के नेतृत्व में नशा मुक्त अभियान के प्रति आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों ने तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों को प्रभावशाली तरीके से पोस्टर मेकिंग के जरिये उकेरा।
निर्णायक मंडल में रचना शारीर विभाग से प्रोफेसर प्रह्लाद रघु, शालाक्य तंत्र विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गरिमा गुप्ता, शल्य तंत्र विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंकिता नेगी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिन्शा पी शामिल शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और जागरूकता संदेशों की सराहना करते हुए विजेताओं का चयन किया। पोस्टर मेकिंग में बीएएमएस बैच 2025-26 की छात्रा अंजलि ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बीएएमएस बैच 2025-26 की छात्र नैंसी और निक्की रावत संयुक्त रूप से दूसरे स्थान रही तथा बीएएमएस बैच 2024-25 से संजू ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रोफेसर प्रह्लाद रघु ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों और कई अन्य गंभीर रोगों का प्रमुख कारण है। समाज में जागरूकता फैलाना और युवा पीढ़ी को तंबाकू के दुष्प्रभावों से अवगत कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।  
एसोसिएट प्रोफेसर अनूप एम ने कहा कि तंबाकू सेवन केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि अनेक गंभीर और जानलेवा बीमारियों की जड़ है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
अगद तंत्र विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनीता यादव ने बताया कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर 29 मई से एक जून तक जागरूकता अभियान चलेगा। शुक्रवार को पोस्टर मेकिंग में संस्थान के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा। इसके साथ ही, 30 मई को नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली की शुरुआत एनआईए से होगी और दो से तीन किलोमीटर क्षेत्र को कवर करने के बाद संस्थान में समापन होगा। 31 मई को श्रमिकों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। एक जून को नशे के खिलाफ संस्थान में शपथ समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी नशे के खिलाफ शपथ लेंगे। संस्थान में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए विद्यार्थियों की ओर से नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी।