golden temple

अमृतसर। 6 जून को मनाए जाने वाले घल्लूघारा दिवस और ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को देखते हुए अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।

इसी क्रम में पंजाब पुलिस के स्पेशल डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने मंगलवार को अमृतसर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

11 केंद्रीय बलों की कंपनियां तैनात

मीडिया से बातचीत के दौरान स्पेशल डीजीपी ने बताया कि अमृतसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के मद्देनजर बीएसएफ, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल 11 कंपनियां तैनात की गई हैं।

इसके अलावा शहर में 2,000 से अधिक पुलिस कर्मियों और लगभग 30 गजटेड अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

प्रवीण सिन्हा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं ताकि धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना तैयार की गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

सीमा क्षेत्र होने के कारण बढ़ाई गई सतर्कता

स्पेशल डीजीपी ने कहा कि अमृतसर अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ निगरानी कर रही हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.