जालंधर। पंजाब के जालंधर जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव हरिपुर स्थित एक सरकारी स्कूल के खेल मैदान में संदिग्ध ड्रोन मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के बच्चे मैदान में खेल रहे थे, तभी अचानक एक ड्रोन उनके ऊपर आकर गिर गया। बच्चों ने ड्रोन को उठाकर स्कूल प्रबंधन और गांव के लोगों को इसकी सूचना दी।
बच्चों के सामने गिरा ड्रोन
गांव के सरपंच निर्मल राम ने बताया कि ड्रोन बच्चों के खेलते समय मैदान में आकर गिरा। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत आदमपुर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
मौके पर पहुंचे डीएसपी, शुरू हुई जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजीव कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
सुरक्षा एजेंसियां भी ड्रोन की तकनीकी जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन कहां से आया, इसका मालिक कौन है और इसका उद्देश्य क्या था।
लोगों से घबराने की जरूरत नहीं: पुलिस
डीएसपी राजीव कुमार ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी तरह की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों में ड्रोन मिलने को लेकर चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।





Leave a Reply