hands reaching from water

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में गर्मी से राहत पाने के लिए नहर में नहाने गए दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। यह हादसा हरियाणा-राजस्थान सीमा से गुजर रही इंदिरा गांधी नहर (राज कनाल) में बणी गांव के पास हुआ, जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

10 दोस्त नहर में नहाने पहुंचे, दो नहीं लौटे

जानकारी के अनुसार, बणी गांव के 10 युवक वीरवार को नहर में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दो किशोर गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए और देखते ही देखते बह गए। उनके साथ मौजूद अन्य युवक सुरक्षित बाहर निकल आए और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।

गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मदद से गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण फिलहाल सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया, जिसे दोबारा शुरू किया जाएगा।

दोनों परिवारों के इकलौते बेटे थे

लापता किशोरों की पहचान मनीष और मोहित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। इस खबर के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन पहले ही जारी कर चुका था चेतावनी

गौरतलब है कि हाल के दिनों में नहरों में डूबने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने नहरों में नहाने पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद युवक गांव से कुछ दूरी पर स्थित इंदिरा गांधी नहर में नहाने चले गए, जहां यह दुखद हादसा हो गया।

गांव के सरपंच संजीव, पूर्व सरपंच रविंद्र सिंह और पंचायत समिति सदस्य गगनदीप ने घटना की पुष्टि की है। प्रशासन और ग्रामीणों को उम्मीद है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों किशोरों का जल्द पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.