जुलाना। जुलाना क्षेत्र के पौली गांव से लापता हुए ढाई वर्षीय मासूम कार्तिकेय की तलाश आखिरकार दर्दनाक अंत के साथ खत्म हुई। करीब 40 घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद शुक्रवार को गांव के तालाब से बच्चे का शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
बुधवार शाम से लापता था मासूम
जानकारी के अनुसार, पौली गांव निवासी कार्तिकेय बुधवार शाम करीब 6 बजे अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद प्रशासन और पुलिस ने तत्काल सर्च अभियान शुरू कर दिया।
तालाब में गिरने की जताई गई थी आशंका
ग्रामीणों को आशंका थी कि बच्चा गांव के तालाब में गिर गया है। इसी आधार पर पुलिस, ग्रामीणों और बचाव दलों ने तालाब तथा आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चलाया। गुरुवार देर रात प्रशासन ने तालाब का पानी निकालने का काम भी शुरू कर दिया।
पानी कम होते ही किनारे मिला शव
जैसे-जैसे तालाब का जलस्तर घटता गया, शुक्रवार सुबह मासूम का शव तालाब के किनारे दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और जांच शुरू कर दी गई। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसडीआरएफ की टीम भी रही तैनात
डीएसपी ऋषभ सोढ़ी ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए पुलिस के साथ एसडीआरएफ टीम की भी मदद ली गई थी। गुरुवार भर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद शुक्रवार सुबह बच्चे का शव बरामद किया गया।
उन्होंने कहा कि शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान हैं या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। जिस मासूम की सलामती के लिए पूरा गांव दुआ कर रहा था, उसकी मौत की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
Leave a Reply