गुरदासपुर। पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा गुरदासपुर, दीनानगर और कादियां नगर परिषद चुनावों के लिए नियुक्त इलेक्शन ऑब्जर्वर कमल कुमार गर्ग (आईएएस) ने बुधवार को जिले में पहुंचकर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न नामांकन केंद्रों का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इलेक्शन ऑब्जर्वर ने गुरदासपुर और दीनानगर में चल रही नामांकन प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
चुनाव आयोग की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश
कमल कुमार गर्ग ने अधिकारियों से कहा कि चुनाव से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होना चाहिए।
मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
इलेक्शन ऑब्जर्वर ने मतदाताओं से भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर रहा है।
उन्होंने लोगों से अपने मताधिकार का उपयोग करने और चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।
शिकायतों के लिए जारी किए संपर्क विवरण
चुनाव संबंधी किसी भी शिकायत या सुझाव के लिए इलेक्शन ऑब्जर्वर ने नागरिकों को सीधे संपर्क करने की सुविधा भी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
प्रशासन का कहना है कि नगर परिषद चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
Leave a Reply