healthcare workers protest

चंडीगढ़, 9 जून। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की कथित टिप्पणी और व्यवहार के विरोध में प्रदेशभर के नर्सिंग अधिकारियों ने मंगलवार को दो घंटे की पेन-डाउन हड़ताल का ऐलान किया है। यह निर्णय नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन (हरियाणा) द्वारा लिया गया है।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता कुमारी ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य), महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं तथा सभी सिविल सर्जनों को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि 7 जून को कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल में एक डॉक्टर से जुड़े रेप मामले की जांच के दौरान महिला आयोग अध्यक्ष द्वारा नर्सिंग अधिकारियों के प्रति अमर्यादित टिप्पणियां की गईं।

संगठन का कहना है कि इन टिप्पणियों से न केवल नर्सिंग अधिकारियों की गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि पूरे नर्सिंग कैडर की छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि संबंधित मामले में नर्सिंग स्टाफ की कोई भूमिका नहीं थी और पूरे समुदाय को कटघरे में खड़ा करना अनुचित है।

नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने महिला आयोग अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से पूरे नर्सिंग कैडर से माफी मांगने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह मुद्दा नर्सिंग समुदाय की भावनाओं और सम्मान से जुड़ा हुआ है।

विरोध के तहत 9 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हरियाणा के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग अधिकारी पेन-डाउन हड़ताल पर रहेंगे। हालांकि, मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन सेवाएं जारी रहने की संभावना है।

एसोसिएशन ने सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर संतोषजनक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.