हिसार, 9 जून। हरियाणा में एक बार फिर गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ प्रदेशवासियों को कुछ राहत दे सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रोहतक सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक है। वहीं हिसार में तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा।
सोमवार दोपहर बाद महेंद्रगढ़ जिले में हल्की बारिश हुई, जहां 1.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बारिश के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिली और बढ़ी हुई नमी के कारण उमस ने परेशानी और बढ़ा दी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 10 जून तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ बना रहेगा, जिससे तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। रोहतक में लू का प्रभाव लगातार बना हुआ है, जबकि अंबाला में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ 10 जून को और दूसरा 12 जून से प्रभावी होगा। इनके असर से 10 से 13 जून के बीच हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं, आंधी, हल्की बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
हालांकि इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव और नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम लगातार परिवर्तनशील रहेगा और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
प्रदेशवासियों को सलाह दी गई है कि वे गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।
Leave a Reply