नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में स्थित एक इमारत अचानक जोरदार धमाके के बाद भरभराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
धमाके के बाद गिरी इमारत
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सुबह करीब 9:37 बजे संदिग्ध विस्फोट और उसके बाद मकान गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और कुछ ही क्षणों बाद पूरी इमारत ढह गई। हादसे के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इमारत में सिलेंडर विस्फोट हुआ, जिसके चलते भवन का ढांचा कमजोर पड़ा और वह गिर गया। हालांकि विस्फोट की वास्तविक वजह का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।
मौके पर जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। राहतकर्मी विशेष उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बचाव दल भी तैनात किए जा सकते हैं।
प्रशासन सतर्क
स्थानीय प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है ताकि किसी भी तरह की अतिरिक्त दुर्घटना से बचा जा सके। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है।
फिलहाल बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों का कहना है कि मलबे की पूरी तरह तलाशी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Leave a Reply