सबसे पहले कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। राव नरवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान और प्लॉट प्रदान कर रही है। पात्र परिवारों को स्वामित्व योजना के माध्यम से संपत्ति अधिकार दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवारों को इलाज की चिंता नहीं करनी पड़ती। आयुष्मान भारत योजना और चिरायु हरियाणा योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, हर घर-हर गृहिणी योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, ई-टेंडरिंग, ऑनलाइन सेवाओं और अंत्योदय परिवार उत्थान कार्यक्रम जैसी योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की प्रत्येक योजना को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
Leave a Reply