Fact Check रवि किशन के वीडियो को लेकर भ्रामक दावा वायरल, पीएम मोदी नहीं बल्कि राहुल गांधी पर था निशाना

सोशल मीडिया पर इन दिनों भाजपा सांसद और अभिनेता Ravi Kishan का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi की विदेश यात्राओं और संसद में उपस्थिति को लेकर आलोचना की है। हालांकि, पड़ताल में यह दावा पूरी तरह भ्रामक निकला।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में छह दिनों की विदेश यात्रा से लौटे हैं। इस दौरान उन्होंने United Arab Emirates, Netherlands, Sweden, Norway और Italy का दौरा किया। इसी बीच सोशल मीडिया पर रवि किशन का एक वीडियो वायरल होने लगा, जिसमें वह “विदेश घूमने”, “संसद में कम आने” और “आजाद पंछी” जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं।

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो को प्रधानमंत्री मोदी से जोड़ते हुए दावा किया कि भाजपा सांसद ने अपने ही नेता पर तंज कसा है। एक एक्स (पूर्व ट्विटर) यूजर ने पोस्ट में लिखा कि रवि किशन कह रहे हैं कि “मोदी जी को विदेश घूमने दीजिए, उन्हें घूमना अच्छा लगता है।”

लेकिन जब इस वायरल दावे की जांच की गई, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। गूगल रिवर्स इमेज सर्च और वीडियो जांच के दौरान समाचार एजेंसी एएनआई के फेसबुक पेज पर इस क्लिप का पूरा वीडियो मिला। यह वीडियो 13 मई 2026 को साझा किया गया था।

पूरा वीडियो देखने पर पता चला कि पत्रकार ने रवि किशन से कांग्रेस नेता Rahul Gandhi को लेकर सवाल पूछा था। जवाब में रवि किशन राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहते हैं कि उन्हें “विदेश घूमने-फिरने दीजिए”, “वह चार दिन में एक बार संसद आते हैं” और “वह आजाद पंछी हैं।”

इसके अलावा, रवि किशन ने 23 मई 2026 को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी यही वीडियो साझा किया था। पोस्ट में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा कि पार्टी को अपने “युवराज राहुल गांधी को आजाद कर देना चाहिए।”

इससे स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो को एडिट या गलत संदर्भ में शेयर कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की गई।

पड़ताल का निष्कर्ष

फैक्ट चेक में यह साफ हुआ कि भाजपा सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नहीं, बल्कि राहुल गांधी की आलोचना की थी। सोशल मीडिया पर वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.