jaipur bjp leader

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के ग्रामीण क्षेत्र मनोहरपुर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामवतार असवाल उर्फ पप्पू (55) की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार रात उनका शव बस स्टैंड के पास स्थित कबाड़ गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या की है।

हत्या के विरोध में धरने पर बैठे परिजन

घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण मंगलवार सुबह मनोहरपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, मामले का खुलासा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग की। हालात को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।

गोदाम में मिला खून से लथपथ शव

पुलिस के अनुसार, रामवतार असवाल सोमवार शाम अपने कबाड़ गोदाम पर मौजूद थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शाम करीब साढ़े सात बजे एक व्यक्ति गोदाम पर पहुंचा और उन पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गया।

जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी तलाश में गोदाम पहुंचे। वहां वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल निम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज और एफएसएल जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को मृतक की कलाई पर गहरा घाव मिला है, जिससे अंदेशा है कि उन्होंने हमले के दौरान बचाव करने की कोशिश की थी।

चार विशेष टीमें गठित

एडिशनल एसपी रणवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। भाजपा नेता की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

पुलिस प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.